शुक्रवार, 13 मार्च 2009

नेताओं की मेहरबानी से
शैलेश कुमार
चुनाव का बिगुल एक बार फिर से बज चुका है. लोकसभा चुनाव और कई राज्यों मे विधान सभा चुनाव सर पर हैं. राजनीतिक दलों ने एक बार फिर से अपने-अपने पत्ते फेंकने शुरू कर दिए हैं। जोड़-तोड़ शुरू हो गई है. आरोप-प्रत्यारोप का दौड़ भी शुरू हो चुका है.
एक बार फिर से बड़े-बड़े वादे किए जा रहे हैं। जनता-जनार्दन की याद फिर से राजनेताओं को आई है. पाँच साल तक जिन्हे अपनी जनता को प्रणाम करने तक की याद नही थी, वे आज उनके चरण छूने को भी तैयार हैं.
इस बार फिर से चुनाव घोषणा पत्र बने हैं। बड़े-बड़े वादे किए गये हैं। रोज़गार बढ़ने और ग़रीबी हटाने की बात लिखी गई है. अपने आप को धर्मनिरपेक्ष सिद्ध करने की मुहिम जारी है.
इन्हीं सब बातों को तो हिन्दुस्तान की आवाम पिछले साठ वर्षों से सुनती चली आ रही है। कितनी ही सरकारें आई और चली गई लेकिन भूख, ग़रीबी व बेरोज़गारी आज भी वही की वही हैं। इतने सालों मे जापान कहाँ से कहाँ पहुँच गया, पर भारत केवल सरकार चुनने और सरकार गिराने मे ही लगा रहा.
एक के बाद एक सरकार आती रही और जनता को लूटती रही। विकास के नाम परग़रीबों को ग़रीब और अमीरों को अमीर बनाती चली गई। पन्नों पर विकास दिखता गया पर देश अंदर से खोखला होता चला गया.
ग़रीबी से तंग आकर किसान आत्महत्या करते रहे। भूखे और नंगे बच्चे सड़कों पर भीख माँगते रहे। असहाय महिलाएँ हर रोज़ अपनी अस्मत लूटाकर अपना और परिवार का पेट पालती रहीं. माननीय नेतागण जनता के बीच जाति और संप्रदायवाद का बीज बोते रहे और उन्हे आपस में लड़ाकार अपना उल्लू सीधा करते रहें।
इन साठ सालों मे पता नहीं इस देश ने क्या पाया, पर हमारे नेताओं की मेहरबानी से स्लम्डॉग बनाकर एक ऑस्कर ज़रूर पा लिया। आगे भी सरकारें आती रहेंगी, और हर पाँच साल मे कम से कम एक ऑस्कर तो ज़रूर मिलता रहेगा इन नेताओं की मेहरबानी से.

गुरुवार, 1 जनवरी 2009


अनकही

घर की चारदीवारी के अन्दर बैठा

सोच रहा हूँ मैं यही।

क्यों बाहर आ रही नही

जो थी अब तक अनकही।

ताज़ा हो रही सारी यादें

रूठने मानाने की वो बातें।

हँसी, मजाक और विषाद की

न जाने कितनी सौगातें।

जब भी उसे अकेला पाया

निभाया मैंने उसका साथ।

पर जब कहने का मौका

छोरा उसने मेरा हाथ।

फिर से वो अनकही बातें

अनकही ही रह गई।

सारे अरमान और इच्छाएं

अधूरी की अधूरी रह गई।

अपने दिल को समझाया मैंने

बर्बाद क्यों करते हो जीवन?

क्या तुम बार बार पाओगे

प्यारा इतना सरल सा जीवन?

महीने गुजरे साल गुजर गए

बातें यादों में बदल गई।

लेकिन अनकही उन बातों की

कसक क्यों दिल से नही गई।

अब समझ आ रहा मुझको

नहीं पाउँगा चैन तब तक।

कह दू न वो सारी बातें

जो कही नहीं मैंने अब तक।

पर कैसे कह दूँ उसे आज मैं

वो सारी बातें अनकही।

मेरी प्रेरणा, मेरी प्रार्थना

मेरे पास ही नहीं रही।

चली गई वो मुझसे दूर

यहाँ नहीं वो कहीं नही।

बातें रह गई मेरे दिल में

अनकही, अनकही, अनकही।

मंगलवार, 2 दिसंबर 2008

कब टूटेगी सिंहासन की बेहोशी?

शैलेश कुमार

मित्रों पूछता हूँ मैं आज तुमसे
कब लाओगे बुद्धि अपनी ठिकाने पर?
क्या-क्या गुल खिलाओगे और
अब तो रख दी मुंबई भी निशाने पर।

खोकर भी सैकडों सपूतों को
टूटी नहीं तुम्हारी खामोशी।
जल रहा है देश आज पर
कब टूटेगी सिंहासन की बेहोशी?

सत्ता की लालसा लिए हो चित्त में
ध्रितराष्ट्र हैं मौन स्वयम सूत के हित में।
वरना वो जहरीली आँखें फोरवा देते
अब तक अफज़ल पर कुत्ते छुड़वा देते।

कहते हैं वे भारत के रक्षक हैं
पर अफज़ल जैसों के संरक्षक हैं।
बेशक सारे भारत का सर झुक जाए
उनकी कोशिश है ये फंसी रुक जाए।

क्या अब भी निर्णय लेगी सरकार
और फंसी पर चढेंगे ये गद्दार?
क्या उठेगा देश अब एक-साथ
डाले मराठी-बिहारी हाथों-में-हाथ?

एक बार फिर दहते स्वर में इन्कलाब गाना होगा
फंसी का तख्ता जेलों से संसद तक लाना होगा।
दिलों में वंदे मातरम को जगाना होगा
बुलंद इरादों से आतंक को हराना होगा।
जिंदगी जीने का भी वक्त नहीं
शैलेश कुमार
खुशी इतनी की भरा है दामन
पर हसने को थोड़ा वक्त नहीं।
दिन-रात दौड़ रही दुनिया ऐसे
जिंदगी जीने का भी वक्त नही।
जिम्मेदारियों का अहसास तो है
पर निभाने की ताकत नहीं।
दिन-रात दौलत कमाकर भी
संतुष्टि की चाहत नहीं।
उड़ने की ख्वाहिश तो है
पर पंख उगाने की चाहत नहीं।
बुलंदी के सितारे छूकर भी
मन को मिली राहत नहीं।
जगते अरमान दिलों में हैं
पर झाँकने का वक्त नहीं।
सिसकियाँ ले लेकर भी
आंसू बहने का वक्त नहीं।
एहसास तो है माँ की लोरी का
पर माँ को माँ कहने का वक्त नहीं।
रिश्तों को तो सब मार चुके
अब उन्हें दफ़नाने का भी वक्त नहीं.

शनिवार, 8 नवंबर 2008

राजनीतिक आतंकवाद के निशाने पर देश

शैलेश
कुमार

आतंकवाद के डर से पूरा देश थर - थर कांप रहा है। दहशत इस प्रकार छाई हुई है की लोगों को अब घर से बहार निकलकर भीड़-भाड़ वाले इलाके में जाने से भी डर लगता है। खैर ये तो हुई उस आतंकवाद की बात जो देश के बाहर की शक्तियां अंजाम दे रही हैं हमारे देश में। लेकिन, क्या आपने कभी सोचा है की उससे भी भयानक और कई खौफनाक आतंकवाद का दूसरा चेहरा अपने ही देश में कुछ देशद्रोहियों की छत्रछाया में पल रहा है। इस आतंकवाद का नाम है राजनीतिक आतंकवाद जो कि गोली और बारूद वाले आतंकवाद से कहीं शक्तिशाली है।

हमारा देश जो कि अपने पास विश्व के सबसे बड़े संविधान होने का दावा करता है, जो विश्व के सबसे बड़े लोकतंत्र कहलाने पर गर्व करता है, उसकी सच्चाई यह है अन्दर-ही-अंदर वह उतना ही खोखला है। इस देश कि राजनीति अभी भी प्रारंभिक अवस्था में है। राजनेताओं के व्यवहार को देखकर तो ऐसा लगता है कि अभी-अभी पेट से बहार निकले हैं और जैसे पिल्ले रोटी के तोकडे के लिए आपस में लड़ते हैं न, वैसे ही वे भी सत्ता के छीना-झपटी कर रहे हैं। अब तक तो यह लडाई केवल उग्र बातों और थोडी बहुत गलियों तक ही सीमित थी। पर अब तो एक-दूसरे का कालर पकड़ना, थप्पर मारना, घुसे बरसना और धक्का देकर ज़मीन की धूल चाटना भी इसमे जुड़ गया है। शायद अब वह दिन दूर नही जब पिस्तौल और रायफल भी खुले आम हाथों में लेकर वे सत्ता की इस लडाई को लडेंगे।

हम कौन थे, क्या हो गए, और क्या होंगे अभी?
आओ विचारे आज मिल, ये समस्याएं सभी॥

नई पार्टी बनाने के बाद सत्ता सूख से दूर रहने के बाद राज ठाकरे ने अंततः उत्तर भारतीयों पर हमला कर मराठियों के प्रति अपने प्रेम को दिखाने की चेष्टा की ताकि अगले चुनाव में फ़ायदा हो जाए। ठाकरे की इस हरकत का जवाब देने के लिए बिहार और उत्तर प्रदेश में जबरदस्त प्रदर्शन हुए। अब भला हमारे मेधावी राजनेता जिन्होंने वोट बैंक निर्माण में गोल्ड मैडल जीता हुआ है, इस परिस्थिति का फ़ायदा उठाने में कैसे पीछे रह सकते थे? बस शुरू हो गई लडाई, अपने आप को जनता का सच्चा हमदर्द बताने की। नीतिश ने अपने सांसदों से इस्तीफा देने को कहा तो लालू ने नहले पे दहला मरते हुए संसद क्या बिहार में अपने विधायकों के भी इस्तीफे की पेशकश कर डाली। अब जब नीतिश सरकार के डोलने की स्थिति आई तो वे इसे लालू की चाल बताने लगे सरकार को गिराने की। और लालू यादव जिन्होंने रातों-रात बूटा सिंह के बिहार के राज्यपाल होने के दौरान नीतिश सरकार को गिराया था, महाराष्ट्र सरकार को बर्खास्त कर वह राष्ट्रपति शासन लगाने में कोई दिलचस्पी नही दिखाई। फ़ायदा कम रहे हैं ये राजनेता और आंसू बहा रही है आम जनता। वो जनता जो कभी धरम, कभी जात-पांत, तो कभी क्षेत्रवाद तो कभी भाषावाद के नाम पर शूली पर चढ़ती आई है। जो इन सत्तालोलुप नेताओं की सत्ता प्राप्ति मुहीम में हमेशा से पिसती आई है। वो आम जनता जो घुट-घुट कर जी रही है और अपनी दुर्दशा पर आंसू बहा रही है केवल इन राजनीतिक दरिंदों की वजह से। ऐसे में अगर इसे राजनीतिक आतंकवाद की संज्ञा न दे तो यह और क्या हो सकता है?

गोली और बम तो खैर एक बार में जान ले लेते हैं, पर ये राजनीतिक आतंकी तो हर पर हमारा खून चूस रहे हैं। अभी जब छः राज्यों में विधान सभा चुनाव होने जा रहे हैं तो इन पिल्लों की खीचा-तीनी, एक-दूसरे पर खीज, और लातों और घूसों की बरसात आप खुले आम टेलिविज़न चैनल्स पर देख सकते हैं। इनके लिए टिकेट ज्यादा जरुरी है। और सत्ता में आने की बाद अय्याशियाँ मानना। क्या आम जनता, क्या विकास, इन्हे पहले अपना बड़ा सा हाथी वाला पेट भरने से फुर्सत मिले तब तो।

हम आह भी करते हैं तो हो जाते हैं बदनाम।
वे कत्ल भी करते हैं तो चर्चा नहीं होती॥

अफ़सोस तो तब आता है जब हम खामोश बैठ जाते हैं। ये राजनीतिक आतंकी हमारे घरों तक में घुस कर आतंक फैला रहे हैं, पैसों के लिए बाहरी दुश्मनों को आमंत्रण देकर हमारा सूख-चैन लुटा रहे हैं और हम चुप-चाप नज़ारा देख रहे हैं। क्या हम उस दिन का इंतज़ार कर रहे हैं जब वे केवल सरकार ही नही हमारे घर, उसकी संपत्ति और बहु-बेटियों को भी हथियाने पर भी उतारू हो गायेंगे, और हम एक कोने में दुबककर सिसकियाँ लेंगे?

ऐ दोस्त तूने हमे बहुत आजमा लिया,
वह दिन खुदा करे कि तुझे आजमायें हम॥

मत भूलिए कि राजनीतिक आतंकवाद को शह देने का काम हम कर रहे हैं। हमारा छोटा सा सामूहिक प्रयास इस आतंकवाद को जड़ से उखड फेंक सकता है। और अगर राजनीतिक आतंकवाद पर हमने काबू पा लिया तो यकीन मानिये कोई भी आतंकवाद, दंगा और बाहरी शक्तियां हमारा कुछ नही bigaad sakti। इस लोकतंत्र का अस्तित्व बचने की जिम्मेदारी हमारी है। सब-कुछ हमारे हाथों में है, बस जरुरत है ख़ुद पर भरोसे की और एक संकल्प की कि राजनीतिक आतंक और नही सह सकते हम, उखड फेकेंगे अब हम इसे।

शुक्रवार, 24 अक्टूबर 2008

जब लगाई है आग तो रोते हो क्यों?

शैलेश कुमार

मुंबई में बिहारियों के साथ जो कुछ भी हुआ उसकी आग में बिहार तो जल ही रहा है पर उससे यह देश भी अछूता नही रहा अब। रेलों को निशाना बनाने से केवल बिहार ही नही बल्कि पूरे देश की यातायात व्यवस्था चरमरा गई है। छात्रों पर नियंत्रण पाना पुलिस के लिए कठिन ही नही नामुमकिन बन पड़ा है। राज्य सरकार, केन्द्र सरकार, विपक्षी पार्टियाँ, मीडिया सभी रो रहे है, चिल्ला रहे हैं। पर यह रोना चिल्लाना क्यों ? यह आग आख़िर आप लोगों ने ही तो लगाई है ना!

पूछता हूँ मैं रेल मंत्री से - कहाँ सो रहे थे आप जब मुंबई में रेलवे की परीक्षा देने गए बिहारी छात्रों पर राज ठाकरे के आदमी डंडे और पत्थर बरसा रहे थे। वे छात्र जिन्होंने रेलवे में किसी प्रकार से अपना भविष्य बनाकर अपने माता-पिता का सहारा बनना चाहते थे, उनके सपनों की पिटाई कर उसे ऐसा अधमरा कर दिया गया की आने वाले लंबे समय तक उनके मन में सिहरन बरक़रार रहेगी। जब आपको पता था की मुंबई में राज ठाकरे ने बिहारियों और उत्तर भारतीयों के खिलाफ मुहीम जारी कर राखी है तो आपने छात्रों की सुरक्षा के लिए पर्याप्त कदम क्यों नही उठाये? इसका हम क्या मतलब निकले - आपने जन बुझ कर राज से पंगा लेकर छात्रों की जान को खतरे में डाला। और अब जब पुरा बिहार प्रतिशोध की आग में जल रहा है तब भी आपने उसे शांत करने में कोई दिलचस्पी नही दिखाई। आपने यह कह कर पल्ला झार लिया की यह राज्य सरकार का काम है। छोरिये रेल मंत्रालय को, लेकिन एक राजनेता और बिहार से संबध रखने के नाते तो आपको शान्ति कायम करने की कोशिश करनी चाहिए थी।

और नीतिश कुमार जी, आप तो अपने आप को बिहार वासियों का संरक्षक कहते हैं। फिर आप इस हिंसा को शांत करने की बजाई केन्द्र सरकार और रेल मंत्रालय को जिम्मेदार ठहराने में अपना समय क्यों बर्बाद कर रहे हैं? यह संपत्ति जिसका नुक्सान हो रहा है वह केवल रेलवे की नही इस देश और आपके राज्य की भी है। एक नागरिक के तौर पर यह आपकी भी संपत्ति है। आपने सर्वदलीय बैठक तो बुला ली पर आपने आरोप-प्रत्यारोप करने के अलावे और क्या किया? अरे थोडी देर के लिए तो घटिया राजनीती का मोह त्याग कर बहार आइये और इस आग में झुलस रहे छात्रों की जिंदगी बचने की कोशिश कीजिये।

केन्द्र की यू पी ऐ सरकार से मैं पूछना चाहूँगा आपने कर्णाटक और उड़ीसा में हिंसा होने पर राष्ट्रपति शाशन लगाने की सिफारिश करने में बड़े जोश से हिस्सा लिया, पर महाराष्ट्र में आपका यह जोश कहा चला गया? क्या सिर्फ़ इसलिए की वहां कांग्रेस की सरकार है?

अंत में मीडिया से मैं पूछना चाहूँगा आपने किस हद तक अपनी सामाजिक जिम्मेदारियों का निर्वाह किया? क्या राज ठाकरे के भड़काऊ भाषणों को अखबारों में छापना और चैनलों पर दिखाना जरुरी था। अगर थोड़े पैसे कम कमा लेते आप तो आपका क्या बुरा हो जाता? क्या देश एकता भी अब आपके लिए कोई मायने नही रखती? और अब जब राज्य में लगातार हिंसा की वारदातें हो रही हैं तो कितनी बार आपने शान्ति बनाये रखने की अपील की है? सही बात है भाई, आपको जली हुए रेल और राज ठाकरे के आसपास घुमने से फुर्सत मिले तब तो।

और देशवासियों से उनका ही एक भाई होने के नाते मैं यही कहूँगा - आप तो होशियार हैं। नेताओं के दाव पेंच आप भी अब भली भांति समझने लगे हैं। फिर क्यों उनकी भड़काई हुए बातों पर जान लेने और देने पर उतारू हो जाते हैं। नहीं कहता आपसे गाँधी बन जाने को, पर थोड़ा सोच विचार कर सुख और शान्ति तो बना के रखी जा सकती है ना। गुस्सा होना स्वाभाविक है, पर स्थिति को भी समझिये और जिसने गलती की है उसे अपने आप को मिली ताकत से सबक सिखाईये। क्यों निर्दोषों को इस आग में जला रहे और जल रहे हैं आप? थोड़ा सोचिये, और कदम उठाईये।

बुधवार, 22 अक्टूबर 2008

मेरे जन्मदिन की वो शाम

शैलेश कुमार

२२ अगस्त की उस शाम को भुलाना काफी मुश्किल होगा मेरे लिए। वो मेरे २१वे जन्मदिन की शाम थी। लेकिन मेरे सर पे उस दिन सबसे बड़ा बोझ अपने कॉलेज में न्यूज़ बुलेटिन को एडिट कर पूरी तरह से तैयार करना था। मेरे ग्रुप में पाँच लोग मिलकर काम कर रहे थे। दूसरे दिन न्यूज़ बुलेटिन को अपने एच ओ डी को दिखने की अंतिम तिथि थी। अन्यथा हमारा हाथ से वह अवसर निकल जाता।
हमारे ग्रुप का एक सदस्य तो काफी दिनों से कश्मीर में फंसे होने की वजह उपस्थित नही था। चार लोग ही मिलकर काम कर रहे थे। पर उस दिन ग्रुप के बाकी तीनो सदस्यों को काफी जरुरी काम आन पड़ा था तो उन्हें जन पड़ा। अब शाम के पाँच बज चुके थे। मैं अपने कॉलेज के स्टूडियो में अकेला बचा था। एडिटिंग शुरू की। काफी मशक्कत करनी पड़ी। दोस्तों के बधाई संदेश भी लगातार आ रहे थे। पर जबाब देने के लिए भी समय नही था मेरे पास उस समय। मैंने लगातार कोशिश जारी राखी। एडिटिंग चलती रही। अंततः रात पौने आठ बजे के आसपास मेरी एडिटिंग पूरी हो गई और न्यूज़ बुलेटिन बनकर तैयार हो गई। उस समय जो मेरे चेहरे पर खुसी झलक थी वह देखने लायक थी। मेरे साथ स्टूडियो में वह की देखरेख करने वाले रवि सर ने लगातार धीरज रख स्टूडियो में ही मेरे काम के ख़त्म होने का इंतज़ार करते रहे। इसके लिए मैं उनका आभारी रहूँगा।
उस दिन रात में मेरे ही ग्रुप के सदस्यों ने मेरा साथ न देने पर संदेश भेजकर खेद जताया। पर मुझे इसका कोई अफ़सोस नही था क्योंकि उनका काम भी बहुत ज्यादा जरुरी था। मेरी दोस्त नूतन ने रत में मोबाइल से संदेश भेजकर मुझे एडिटिंग को सफलतापूर्वक पूरा करने की लिए बधाई दी और जन्मदिन की एक बार पुनः सुभकामनाएँ दी। मुझे बड़ा अच्छा लगा।
अगले दिन न्यूज़ बुलेटिन को पूरी कक्षा में दिखाया गया। मेरे एच ओ डी काफी प्रसन्ना हुए और थोडी हिदायत देकर उसे और अच्छा बनने को कह गए।
शायद जन्मदिन मानाने का वह सबसे अच्छा तरीका था। इतनी अच्छी तरह से आज तक मैंने अपना जन्मदिन नही मनाया था। उस दिन जो मान में काम करने की ललक थी, एक जूनून था, मैं चाहता हूँ की वह जूनून हमेशा जिन्दा रहे।
मेरा मिशन जौर्नालिस्म अभी भी काफी दूर है। पर मुझे पूरा विश्वाश है की अगर इसी प्रकार की ललक भगवान् की कृपा से मेरे अंदर जिन्दा रही तो शायद इस मिशन को पूरा होने में ज्यादा समय नही लगेगा। आशा करता हूँ की अगले वर्ष जब मैं अपना जन्मदिन मनाऊँ तो उस समय मैं अपने पसंदीदा न्यूज़ चैनल में रिपोर्टिंग और एडिटिंग करता रहूँ।